संयुक्त राष्ट्र में ले जाएगा कश्मीर नक्शा मामले को पाक

pakistani_senate_17_05_2016इस्लामाबाद। पाकिस्तानी संसद ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित करके सरकार से देश में भारतीय हस्तक्षेप पर एक डोजियर तैयार करने के लिए कहा है। इस डोजियर को अन्य देशों के साथ ही सभी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को भेजा जाएगा। पाकिस्तान संसद के उच्च सदन सीनेट में इससे संबंधित प्रस्ताव सत्तारूढ़ मुस्लिम लीग-नवाज पार्टी के सदस्य लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) अब्दुल कय्यूम ने रखा था।

पारित प्रस्ताव में पाकिस्तान सरकार से कहा गया है कि वह देश के अंदरूनी मामलों में भारतीय हस्तक्षेप के बारे में एक विस्तृत डोजियर तैयार करे। इसमें आतंकवादी गतिविधियों के दौरान मिले सुबूतों का जिक्र भी हो। इस डोजियर को दुनिया के सभी खास देशों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं को भेजने का निर्देश दिया गया है।

सीनेट ने यह निर्णय बलूचिस्तान प्रांत से भारतीय जासूस कुलभूषण जाधव की बीती तीन मार्च को हुई गिरफ्तारी के मद्देनजर लिया है। पाकिस्तान सरकार का दावा है कि कुलभूषण ईरान के रास्ते पाकिस्तान में दाखिल हुआ और वह बलूचिस्तान में अशांति पैदा कर रहा था। पाकिस्तान ने इस गिरफ्तारी की सूचना अमेरिका और ब्रिटेन को दी लेकिन उन्होंने उस पर कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की। पाकिस्तान ने इस गिरफ्तारी की जानकारी अरब और आसियान देशों को भी दी है।

पाकिस्तान ने कहा है कि भारतीय संसद में पेश होने वाले एक विधेयक में कश्मीर का नक्शा गलत ढंग से दिखाए जाने से उसे बहुत चिंता हो रही है। यह मामला वह संयुक्त राष्ट्र में उठाएगा। उसने विधेयक को रोके जाने की मांग की है। पाकिस्तान ने भारत से भी अपील की है कि वह अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन न करे।

भारतीय संसद में इस विधेयक के पारित होने पर गलत ढंग से भारत का नक्शा प्रस्तुत करने पर सात साल तक की सजा और एक सौ करोड़ रुपये का जुर्माना हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि कश्मीर के नक्शे को कुछ संस्थाएं अक्सर गलत ढंग से पेश करती हैं जिससे भारतीयों की भावनाएं आहत होती हैं।

Back to top button