कलाम के गांव में बनेगा स्मारक, डाक टिकट भी हुई जारी

phpThumb_generated_thumbnail (5)नयी दिल्ली। सरकार ने पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की 84वीं जयंती के मौके पर उनके गृहनगर रामेश्वरम् को \’अमृत\’ योजना के अंतर्गत लाने तथा शहर में डॉ. कलाम का एक विशाल स्मारक का निर्माण शुरू करने का आज ऐलान किया।
 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में राजाजी मार्ग पर रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के मुख्यालय में डॉ. कलाम की जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम में बताया कि सरकार ने रामेश्वरम में डॉ. कलाम की याद में युवा पीढ़ी को प्रेरणा एवं मार्गदर्शन देने वाला एक विशाल स्मारक बनाने के लिये भूमि अधिगृहीत कर ली है। मंत्रियों की एक समिति स्मारक के स्वरूप को लेकर विचार मंथन करके निर्णय लेगी।
 
इस मौके पर केन्द्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद भी मौजूद थे। उनकी याद में एक पांच रुपये मूल्य का डाकटिकट भी जारी किया गया। डाकटिकट पर डॉ. कलाम की तस्वीर सलाम की मुद्रा में दिखायी गयी है और पाश्र्व में बादलों के बीच उड़ती हुई एक मिसाइल बनी है।
 
कार्यक्रम में मौजूद केन्द्रीय शहरी विकास एवं गरीबी उन्मूलन मंत्री एम़ वेंकैया नायडु ने रामेश्वरम को अमृत शहर (अटल मिशन फॉर रिजुवेशन एंड अरबन ट्रांसफोरमेशन) बनाने के इस निर्णय का ऐलान किया। श्री नायडु ने कहा कि उनके विभाग ने डॉ. कलाम के जन्मस्थान के रामेश्वरम टाउन को अमृत शहर योजना के अंतर्गत लाने और उसे स्मार्ट नगर के तौर पर विकसित करने का निर्णय लिया है।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. अब्दुल कलाम की जयंती पर दिल्ली में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया साथ ही एक फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। मोदी ने कहा कि डॉ. कलाम की कमी को भरना एक चुनौती है। उन्होंने डॉक्टर कलाम के गांव में एक स्मारक बनाए जाने की घोषणा भी की। मोदी भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम की 84वीं जयंती पर डीआरडीओ मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। पीएम मोदी ने कहा कि डॉक्टर कलाम राष्ट्रपति से पहले राष्ट्र रत्न थे। वे अवसर नहीं, नई चुनौती खोजते थे। उनका व्यक्तित्व जीवंत था। वे खुद को एक शिक्षक के रूप में देखते थे।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर सुबह एक ट्वीट करके डॉ. कलाम को सैल्यूट भी किया। आपको बता दें कि भारत रत्न पुरस्कार से सम्मानित डॉक्टर कलाम का आईआईएम में एक कार्यक्रम में बोलते हुए 27 जुलाई को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।
 
प्रधानमंत्री मोदी ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में भी कहा कि डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर उनको नमन। मोदी ने पूर्व राष्ट्रपति की एक प्रतिमा का अनावरण भी किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने राजधानी में आयोजित एक फोटो प्रदर्शनी का उदघाटन भी किया। यह कार्यक्रम कलाम की जयंती के अवसर पर आयोजित किए जा रहे समारोहों में से एक है।

 

Back to top button