कर्नाटक और गोवा के बाद अब कांग्रेस को महाराष्‍ट्र में लग सकता है ये बड़ा झटका, पढ़े पूरी खबर

कर्नाटक और गोवा के बाद अब कांग्रेस को महाराष्‍ट्र में बड़ा झटका लग सकता है। भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने यह कहकर महाराष्‍ट्र कांग्रेस और एनसीपी के खेमों में खलबली मचा दी है कि इन पार्टियों के कई विधायक जल्‍द ही इस्‍तीफा दे सकते हैं। पाटिल ने तो यहां तक कह दिया कि महाराष्‍ट्र कांग्रेस अध्‍यक्ष भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, पाटिल ने भाजपा में शामिल होने की तैयारी कर रहे कांग्रेस और एनसीपी के विधायकों के नाम का खुलासा नहीं किया है।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले चंद्रकांत पाटिल को बीते मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महाराष्ट्र के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। महाराष्ट्र में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा और एनसीपी के खेमों में खलबली होना लाजिमी है। सोलापुर के सरकारी रेस्‍ट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए चंद्रकांत पाटिल ने कहा, ‘इस सप्‍ताह कई कांग्रेस और एनसीपी के विधायक इस्‍तीफा देने जा रहे हैं।’

भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष से जब इस्‍तीफा देने वाले विधायकों का नाम पूछा गया, तब उन्‍होंने कहा, ‘देखिए, अगर में अभी नामों का खुलासा कर दूंगा, तो इसमें जो मजा आने वाला है, वो खत्‍म हो जाएगा। वैसे, भी जिंदगी का मजा अनिश्चितता में आता है। इसलिए, अभी इस सवाल को ऐसे ही रहने दीजिए और समय का इंतजार करिए।’ हां, चंद्रकांत पाटिल ने चुटकी लेते हुए यह जरूर कहा कि अगर महाराष्‍ट्र कांग्रेस के पांच वर्किंग प्रेसिडेंट भाजपा में शामिल हो जाएं, तो किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिए।

वैसे बता दें कि कांग्रेस पिछले दिनों ही बालासाहेब थोरात के हाथों में प्रदेश की कमान दी है। हालांकि, कांग्रेस का कहना है कि चंद्रकांत पाटिल ऐसा कहकर चुनाव से पहले भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। कोई कांग्रेस विधायक भाजपा में शामिल होने नहीं जा रहा है। महाराष्‍ट्र में भाजपा की ऐसी चालें काम नहीं आने वाली हैं।

Back to top button