कर्ज से परेशान दो भाईयों ने एक साथ फांसी लगाकर दी जान

नई दिल्ली। चांदनी चौक इलाके में बुधवार दोपहर कर्ज से परेशान दो ज्वेलर भाईयों ने एक साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि मृतकों की शिनाख्त अंकित गुप्ता (47) और अर्पित गुप्ता (42) के रूप में हुई है। दोपहर के समय दोनों भाईयों के शव तीसरी मंजिल स्थित उनके कारखाने में धोती के सहारे गाटर से लटके मिले। कर्मचारियों ने उनको लटके देखा तो शोर मचा दिया।

आत्महत्या की खबर मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस को मृतकों के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में दोनों ने आर्थिक स्थिति खराब होने का जिक्र किया हैं। वहीं दोनों के बुजुर्ग पिता ने आरोप लगाया है कि बेटों ने किसी फाइनेंसर से 60-70 लाख रुपये कर्ज लिया हुआ था। फाइनेंसर और उसके बाउंसर दोनों बेटों को परेशान कर रहे थे। इससे हताश होकर दबाव में दोनों ने फांसी लगा ली। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Back to top button