कभी पी है आपने 3 करोड़ रुपए की व्हिस्की

whiskey-expensive-16जहां चार यार मिल जाये वहीं रात हो गुलजार….जी हां बिग बी की “शराबी” फिल्म का ये गाना पीने और पिलाने वालों के बीच खासा हिट रहा। लेकिन हम आपको गाने के बारे में नहीं बल्कि उस पेय यानी व्हिस्की के बारे में बताने जा रहे हैं जिसको संतुलित मात्रा में पीकर आदमी थोड़ा रिलेक्स हो जाता है या एन्जॉय करता है। व्हिस्की एक एल्कोहलिक पेय है जिसे गेंहू, जौ, मक्का या राई में फर्मेंटेशन की प्रक्रिया से तैयार किया जाता है। ये भी कहा जाता है कि व्हिस्की जितनी ज्यादा पुरानी होती है, उसकी कीमत भी उतनी ही अधिक हो जाती है। दुनिया की सर्वश्रेष्ठ व्हिस्की दशकों से संभालकर रखी गई हैं और मौजूदा समय में बेहद कीमती हैं। हम आपको विश्व की उन महंगी व्हिस्की के बारे में बता रहे हैं जो केवल बड़ी-बड़ी पार्टियों, शाही घरानों या फिर व्यावसायिक घरानों की शान बढ़ाती है।

इसाबेलाज़ इसले – विश्व की अब तक की सबसे महंगी व्हिस्की में शामिल है। इसकी कीमत 6.2 मिलियन डॉलर या 4 करोड़ रूपए से ज्यादा है। इसकी बोतल बहुत ही शानदार होती है। इसाबेलाज़ इसले की बोतल ही 8,500 हीरों से सजी होती है। इस बोतल में सफेद सोने की कारीगरी के साथ 300 रूबी भी जड़े जाते हैं। इतना तो आप समझ ही गये होंगे कि ये साधारण दुकानों में न तो मिल सकती है। और न ही आम आदमी इसके सेवन के बारे में सोच सकते हैं।

 

मैकेलन 1946 – मैकेलन 1946 भी महंगी व्हिस्की के दूसरे पायदान पर है। मौजूदा समय में इस व्हिस्की की कीमत 4,60,000 डॉलर यानी 3 करोड रुपए से ज्यादा है। इस व्हिस्की का 2010 में चैरिटी समारोह के दौरान ऑक्शन भी हुआ है। यह व्हिस्की जौ की बनी है और द्वितीय विश्व युद्ध के समय तैयार की गई है। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान कोयले की कीमत पर लगी रोक के कारण इस व्हिस्की का निर्माण जौ को पीटकर किया गया था, और यही मुख्य वजह है जो इसे अन्य व्हिस्की से महंगा और नायाब बनाती है।

105 साल पुरानी मॉस्टर ऑफ माल्ट – स्कॉटलैंड की डाल्मोर डिस्टलरी में बनने वाली मास्टर ऑफ माल्ट भी सबसे पुरानी और महंगी व्हिस्की की सूची में शामिल है। स्कॉटलैंड की डलमोर डिस्टलरी ने कुछ साल पहले ही विश्व की दो सबसे महंगी स्कॉच व्हिस्की बेचने का रिकार्ड भी अपने नाम किया है। हाल ही मास्टर ऑफ माल्ट ने दावा किया है कि उसने विश्व की सबसे पुरानी और सबसे महंगी स्काच व्हिस्की की बोतल ढूंढी है। 105 साल पुरानी इस व्हिस्की को 17 फरवरी 1906 में हाईलैंड में स्थित इस्ला टोरटेन डिस्टलरी में बनाया गया था। मौजूदा समय में इसकी कीमत करीब 1.4 मिलियन डॉलर या 92 लाख रूपए से ज्यादा है।

गेनफिडिच जेनेट शीड रॉबर्ट रिजर्व 1955 –गेनफिडिच जेनेट शीड रॉबर्ट रिजर्व 1955 भी सबसे महंगी व्हिस्की की सूची में शामिल है। मौजूदा समय में इसकी कीमत 94,000 डॉलर यानी करीब 62 लाख रुपए है। इस व्हिस्की को 1955 के नए साल के जश्न के दौरान तैयार किया गया था। ग्लेंडफिडिच व्हिस्की के संस्थापक विलियम ग्रांट की पोती जेनेट शीड रॉबर्ट की मृत्यु के बाद इस व्हिस्की की 15 बोतल का बैरल तैयार किया गया था। इसकी चार बोतल इस परिवार के पास आज भी हैं जबकि बाकी की बोतलों की नीलामी हो चुकी है। इसमें की सबसे महंगी बोतल 94,000 डॉलर में अटलांटा में बिकी। यह अपने फ्लोरल, फ्रूटी और मीठे स्वाद के लिए मशहूर है। करीब 55 साल पुरानी इस व्हिस्की को जैनेट शीड राबर्ट्स के नाम पर ही रखा गया था जो ग्लेनफिडिच में ही रहती थीं। उन्होंने अपनी मौजूदगी में इस बेहतरीन स्कॉच को 1955 में रखवाया था। जैनेट राबर्ट्स का निधन 110 साल की उम्र में साल 2012 में हुआ था। और मृत्यु से पहले तक उनकी गिनती स्कॉटलैंड की सबसे वृद्ध महिला में होती थी।

मैकेलन 1926 –  मैकेलन 1926 मैकेलन के सबसे पुराने कलेक्शन में से एक है। मौजूदा समय में इस व्हिस्की की कीमत 75,000 डॉलर या भारतीय मुद्रा में करीब 50 लाख रुपए है। यह व्हिस्की 1926 में तैयार की गई थी और बोतल में 1986 में उतारी गई्। आपको जानकर हैरत होगी कि दुनिया भर में इस व्हिस्की की केवल 40 बोतलें ही बनाई गईं। 2005 में दक्षिणी कोरिया के एक व्यवसायी ने इस व्हिस्की को खरीदा जिसे पीते वक्त उन्होंने पानी का इस्तेमाल तक नहीं किया।

डालमोर 62 सिंगल हाइलैंड माल्ट स्कॉच मैथेसन – डालमोर 62 सिंगल हाइलैंड माल्ट स्कॉच मैथेसन चार अलग-अलग व्हिस्क्यिों का मिश्रण है। मौजूदा समय में इसकी कीमत 58,000 डॉलर यानी करीब 40 लाख रुपए है।  इस व्हिस्की का निर्माण 1942 में किया गया था। इसमें की सबसे महंगी व्हिस्की को डालमोर स्टेट के मालिक एलेंक्जेंडर मैथेसन के नाम पर रखा गया है। 2005 में इस व्हिस्की की नीलामी हो चुकी है।

गेनफिडिच 1937 – गेनफिडिच 1937 गेनफिडिच व्हिस्की की सबसे महंगी व्हिस्की  में से एक है। मौजूदा समय में इस व्हिस्की की कीमत करीब 20,000 डॉलर यानी 14 लाख रुपए है। इसका निर्माण स्कॉटलैंड में 1937 में किया गया था। मगर इसको बोतल में 2001 में उतारा गया। इस व्हिस्की की केवल 61 बोतलें ही बाजार में मौजूद हैं। 2006 में न्यूयॉर्क में एक चैरिटी शो के दौरान इस व्हिस्की को पेश किया गया था। कहते हैं इसका रंग अखरोट जैसा है और इसमें लौंग, दालचीनी जैसे मसालों की अरोमा भी मिली हुई है। सिंगल मॉल्ट में बनी इस व्हिस्की की दुनिया भर में तारीफ हुई है। ग्लेनफिडिच कंपनी ने अपनी स्कॉच व्हिस्की में ज्यादा से ज्यादा बेहतर स्वाद देने की कोशिश की और केवल सीमित बोतलें ही तैयार कीं। शायद यही कारण है कि इस स्कॉच को बनाने वाले हमेशा के लिए व्हिस्की पीने वालों के चहेते बन गये।

62 साल पुरानी डेल्मोर – दुनिया में सबसे बड़ी लक्जरी शराब ब्रांडों में से एक, डाल्मोर, वर्ष 2011 में सुर्खियों में रहा। डाल्मोर ने अपनी 62 साल पुरानी डाल्मोर बोतल को 2,00,000 डॉलर यानी करीब 1 करोड़ 32 लाख रुपए में बेचा था।

डेल्मोर 64 ट्रिनिटास – डेल्मोर कंपनी की ही एक और महंगी व्हिस्की है डेल्मोर 64 ट्रिनिटास। डेल्मोर कंपनी ने इस व्हिस्की की केवल तीन बोतलों का ही उत्पादन किया था। इसकी कीमत करीब 1,60,000 डॉलर यानी 1 करोड़ 56 लाख रुपए है।

55 साल पुरानी मैक्कलेन लैलीक्यू क्रिस्टल डीकैंटर – मैक्लेन लैलीक्यू क्रिस्टल डीकैंटर करीब 55 साल पुरानी व्हिस्की है। और इसका निर्माण दो राष्ट्रों  स्कॉटलैंड और फ्रांस के मिलन के दौरान किया गया था। ये स्कॉच अपने आप में कई मायनों में बेहद खास है। दोनों देशों के वास्तुशिल्प, स्टाइल और भावनाओं को इस स्कॉच में प्रदर्शित किया गया है। इस स्कॉच को 1910 में एक खुशबूदार बोतल में रखा गया था, जिसे रीनी लैलिक्यू ने खास इसी मौके के लिए तैयार किया था। उस दौर में इसकी केवल 420 बोतलें तैयार की गयी थीं जिन्हें पूरे विश्व में भेजा गया था। लेकिन मौजूदा समय में इस स्कॉच की केवल 100 बोतलें ही अमेरिका में रह गयी हैं। इस व्हिस्की की मौजूदा कीमत करीब 12,500 डॉलर यानी 8 लाख रुपए से ज्यादा की है।

रायल ब्राकला 1924 – महंगी स्कॉच में रायल ब्राकला भी शामिल है। इस स्कॉच की खूबी यही है कि ये कभी भी बिक्री के लिए ओपन मार्केट में नहीं आयी। इस स्कॉच के एक बैच का वर्ष 1984 में पता लगा। हालांकि इस बैच की बोतलें 1991 में केवल उन मेहमानों के लिए खोली गयीं जो स्काटलैंड के नाइरन में ब्राकला डिस्टलरी खुलने के मौके पर मौजूद थे। सिंगल मॉल्ट में बनी ये स्कॉच व्हिस्की केवल संग्रहित श्रेणी में रह गयी है, हालांकि विश्व में इसके चाहने वालों की कोई कमी नहीं है।

50 साल पुरानी डेल्मोर डीकैंटर – सबसे महंगी स्कॉच में 50 साल पुरानी डेल्मोर डीकैंटर भी शामिल है। इस स्कॉच की मांग शायद इसीलिए सबसे ज्यादा है क्योंकि ये 50 साल पुरानी है। अभी तक विश्व में इस स्कॉच की क्रिस्टल कट केवल 60 बोतलें ही बनी हैं। शायद यही कारण है कि शाही खानदान और अमीरों की ये फेवरेट स्कॉच है। मौजूदा समय में इसकी कीमत करीब 11 हजार डॉलर या 7.25 लाख रुपए है।

50 साल पुरानी ग्लेनफॉरक्लास 1955 – ग्लेनफॉरक्लास 1955 भी सबसे महंगी स्कॉच में शामिल है। करीब 50 साल पुरानी स्कॉच को साल 2005 में बोतल में उतारा गया। जार्ज ग्रांट ने इसे अपने पूर्वज जॉन ग्रांट की याद में तैयार कराया था। जॉन ग्रांट पेशे से एक किसान थे और वे अबरदीन एंगर कैटल के विजेता भी थे। जॉन ग्रांट ने 1865 में ग्लेनफॉरक्लास डिस्टलरी को खरीदा था। इसके स्वाद की बात करें तो इसमें विभिन्न मसालों की खुशबू आने से एक अनोखा और बेहतरीन अहसास होता है। इसकी कीमत करीब 10 हजार 878 डॉलर यानी 7 लाख रुपए से ज्यादा है।

40 साल पुरानी मैक्कलैन 1939 – मैक्कलैन की 40 साल पुरानी स्कॉच भी सबसे महंगी व्हिस्की में शामिल है। इसका उत्पादन द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान 1939 में यूरोप में हुआ था। हालांकि ये बोतल में 1970 में उतारी गयी। शायद यही कारण है कि इसे स्कॉच व्हिस्की के शुरुआती संस्करणों में सबसे अच्छा और नायाब माना जाता है। हालांकि इसकी रिबॉटलिंग 2002 में एक बार फिर हुई। मैक्कलैन 1939 को काफी पुरानी स्कॉच माना जाता है क्योंकि उस समय ये ड्राइ फ्रूट्स से बनाया गया था और इसको पीने से टॉफी का फ्लेवर मिलता था। मौजूदा समय में इस स्कॉच की कीमत करीब 10,125 डॉलर या 6.5 लाख रुपए है।

50 साल पुरानी शीवाज़ रीगल की रॉयल सेल्यूट – रॉयल सेल्यूट की गिनती भी सबसे महंगी स्कॉच व्हिस्की में होती है। इसके नाम से ही लगता है कि ये शाही लोगों का अभिवादन कर रही है। जी हां ब्रिटेन की महारानी क्वीन एलिज़ाबेथ द्वितीय के राजगद्दी पर 50 साल पूरा होने के मौके पर पर साल 1953 में शीवाज़ बंधुओं ने रॉयल सेल्यूट की सीमित बोतलों का उत्पादन किया था। हालांकि इसे बोतल में 2003 में ही उतारा गया, और स्कॉच के सबसे ज्यादा चहेतों को ही दी गयी, जिनमें सर एडमंड हिलेरी भी थे। मौजूदा समय में रॉयल सेल्यूट 50 की केवल 255 बोतलें है। इसकी हर बोतल पर 24 कैरेट की गोल्ड प्लेट अंकित है। दिखने में ये जितनी खूबसूरत है स्वाद में भी ये उतनी ही लाजवाब है। मौजूदा समय में इसकी कीमत करीब 10 हजार डॉलर या 6.5 लाख रुपए है।

 

 

Back to top button