और अब बिहार महागठबंधन से भी कांग्रेस आउट !
दिल्ली ब्यूरो: बिहार से बड़ी खबर आ रही है। जिस तरह से पिछले तीन दिनों से महागठबंधन के बीच सीट बँटवारे को लेकर घमासान मचा है उससे साफ़ हो गया है कि अब शायद ही कांग्रेस बिहार में गठबंधन का हिस्सा रहेगी। यूपी की तरह बिहार में भी कांग्रेस के अलग से चुनाव लड़ने की संभावना बढ़ गई है। जानकारीं के मुताविक बिहार में कांग्रेस 15 सीटों की मांग कर रही है जबकि तेजस्वी यादव कांग्रेस को 8 सीटें देना चाहते हैं। कांग्रेस को यह मंजूर नहीं है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में आज इसको लेकर अहम बैठक बुलाई गई है। खबर है कि इसमें तमाम उन दलों के नेता मौजूद रहेंगे, जो कांग्रेस के अलावा महागठबंधन का हिस्सा होंगे। हालांकि कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा और अन्य कई बड़े नेता बिहार में ही हैं। बावजूद इसके वो गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगे।
मिली जानकारी के अनुसार गठबंधन में कांग्रेस को बाहर का रास्ता दिखाने के बाद आरजेडी 26 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसके अलावा उपेंद्र कुशवाहा को 5, जीतम राम मांझी को 4, मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी को 3 और वाम दलों को 2 सीटें मिलेंगी। सीट बंटवारे को लेकर तेजस्वी यादव के ट्वीट में कांग्रेस से तल्खी साफ तौर पर देखी गई थी। तेजस्वी ने कहा था कि संविधान और देश पर अभूतपूर्व संकट है। अगर अबकी बार विपक्ष से कोई रणनीतिक चूक हुई तो फिर देश में आम चुनाव होंगे या नहीं, कोई नहीं जानता? अगर अपनी चंद सीटें बढ़ाने और सहयोगियों की घटाने के लिए अहंकार नहीं छोड़ा तो संविधान में आस्था रखने वाले न्यायप्रिय देशवासी माफ़ नहीं करेंगे।