एनडीए बरकरार, लोजपा और जदयू के साथ मिलकर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव : जेपी नड्डा

पटना । भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय ऑनलाइन बैठक के दूसरे दिन रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिहार में एनडीए को लेकर भी अपनी बातें स्पष्ट कर दी। उन्होंने कहा कि भाजपा, जनता दल यूनाइटेड और लोक जनशक्ति पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेगी और हम जीतेंगे।

जेपी नड्डा ने कहा कि हमें न केवल भाजपा में, बल्कि अपने गठबंधन सहयोगियों में भी मूल्य जोड़ना होगा। उन्होंने एक बार फिर दुहराया कि हम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। नड्डा ने गठबंधन पर कहा कि बिहार में जनता ने हमेशा एनडीए पर भरोसा किया है। पिछली बार की तरह आगामी विधान सभा चुनाव भी भाजपा, जदयू और लोजपा एकसाथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी। भाजपा के कार्यकर्ता केवल अपनी सीटों पर नहीं, बल्कि हर बूथ पर मजबूती से तैयारी करेंगे। साथ ही यह भी कहा कि वो बिहार में लॉकडाउन खत्म होने के बाद आने वाले हैं।

जेपी नड्डा के इस ब्यान से बिहार विधानसभा चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी के अकेले चुनाव लड़ने के कयास पर विराम लग गया है। हाल के दिनों में लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में खींचतान बढ़ गई थी। यहां तक कि लोजपा और जदयू के कई नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे थे। इससे लोजपा के अकेले या कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने ककयास लगाए जाने लगे थे।

Back to top button