उत्तराखण्ड: पूर्व दर्जा मंत्री लड़ेंगे मेयर का चुनाव

हल्द्वानी, नैनीताल: नगर निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं का मन टटोलने का अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार को स्वराज आश्रम में पार्टी द्वारा तय पर्यवेक्षक पूर्व विधायक मयूख महर तथा मिक्की कपूर ने नगर निगम हल्द्वानी के अलावा भीमताल, भवाली रामनगर, कालाढूंगी एवं लालकुआं नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्रों के लिए अध्यक्ष पद के दावेदारों से आवेदन मांगे। हल्द्वानी से सर्वाधिक 26 लोगों ने टिकट मांगा है। इसमें 6 तो पूर्व दर्जा मंत्री ही हैं, जबकि बार एसोसिएशन अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री और नए शामिल गांवों के प्रधान भी हैं टिकट के दावेदारों की कतार में हैं। 

कार्यकर्ताओं के साथ संवाद में पर्यवेक्षकों ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर सभी जिलों में कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव के संदर्भ में रायशुमारी की जा रही है। इसमें कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए आवेदनों को निकाय चुनाव का आरक्षण तय होने के बाद प्रदेश द्वारा ही फाइनल किया जाएगा। बैठकों का क्रम अब स्थानीय स्तर पर निकायों में चलेगा। लोकल कार्यकर्ताओं की राय भी ली जाएगी। इसके बाद पार्टी अंतिम नाम तय करेगी। 

मुझे टिकट ना मिला तो कांग्रेस को बाय-बाय

बैठक के दौरान रामनगर से पहुंची हरिप्रिया सती ने अध्यक्ष पद की दावेदारी करते हुए पर्यवेक्षकों के सामने ही ऐलान कर दिया कि मैं प्रबल दावेदार हूं। मुझे टिकट नहीं मिला तो मेरा कांग्रेस से नाता टूट जाएगा और निर्दलीय लड़ूंगी।

चहेतों को नहीं योग्य को मिले टिकट: प्रकाश 

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी भी बैठक में पहुंचे।उन्होंने कहा कि असल मायने में निकाय चुनाव ही आम कार्यकर्ता का चुनाव है। इसमें किसी तरह के गुट और चहेते को प्राथमिकता की बात नहीं आनी चाहिए। यदि किसी भी स्तर से चहेतों को टिकट देने जैसी बात हुई तो शीर्ष स्तर पर भी मामले को उठाया जाएगा। 

आखिर में पहुंची नेता प्रतिपक्ष 

शहर विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश को भी इस बैठक में शामिल होना था। शनिवार को काशीपुर में रहने के चलते वह बैठक समाप्त होने से ठीक पहले ही पहुंच सकी। यहां गिने चुने कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ 5 मिनट गुफ्तगू के बाद वह अपने आवास को चली गई। उनके साथ दोनों पर्यवेक्षक भी गए। हालांकि पार्टी ने विधायक फुरकान अहमद को भी पर्यवेक्षक नियुक्त किया था लेकिन वह आये नहीं।

दावेदारों की संख्या

हल्द्वानी नगर निगम-26

रामनगर नगर पालिका-5

भवाली पालिका-5

नैनीताल पालिका- 3

लालकुआ नगर पंचायत-5

भीमताल पंचायत-7

कालाढूंगी पंचायत-10

Back to top button