उजवला योजना से मिले सिलेंडरों में आग के बाद विस्फोट

डिंडौरी। प्रधानमंत्री उजवला योजना के तहत बांटे गए सिलेंडरों में आग लगने का मामला सामने आया है। आग इतनी तेजी से भड़की कि एक के बाद एक सटे हुए आदिवासियों के 6 घरों को अपने चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद मकानों में रखे तीन सिलेंडर भी फट गए। सिलेंडर फटने के बाद आग बेकाबू हो गई। घटना के बाद फायर बिग्रेड को भी सूचित किया गया।

उजवला योजना, ujjawala scheme

फायर बिग्रेड के पहुंचने के बाद आग में काबू पाया जा सका। यह पूरा मामला शनिवार की दोपहर लगभग ड़ेढ बजे का है। जिला मुख्यालय से घटना स्थल की दूरी अधिक होने से फायर बिग्रेड भी कुछ विलंब से पहुंचा, लेकिन ग्रामीणों ने कड़ी मेहनत कर आग को और अधिक फैलने नहीं दिया। बताया गया कि आग एक के बाद एक सटे हुए 6 कच्चे मकानों में फैल गई। वहां रखे गैस सिलेंडर अलग-अलग घरों में एक के बाद एक फट गए, जिसकी आवाज एक किमी दूर तक सुनाई दी। सूचना मिलने पर पुलिस विभाग के अधिकारी भी गांव पहुंचे। इस घटना में कोई भी जनहानि होने की सूचना नहीं है, जबकि मकानों के अंदर रखा आदिवासियों की गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया।

प्रयोग करने के तरीके बताना जरूरी

बताया गया कि उजवला योजना के तहत सिलेंडर को बांट दिए गए है, लेकिन उन्हे प्रयोग करने का सही तरीका भी नहीं बताया गया है। इसी का खामियाजा अब लोगों को भुगतना पड़ रहा है। गांव में कच्चे मकान हैं। यहां गैस चूल्हा रखने के लिए प्लेट फार्म की व्यवस्था भी नहीं है और इसी लापरवाही के चलते घर में लग गई। आग लगने के बाद लोगों ने घर से बाहर निकलकर किसी तरह अपनी जान बचाई। पुलिस घटना स्थल पर लोगों के बयान दर्ज कर रही है।

Back to top button