इस फौजी ने किया ये बड़ा काम, पीएम मोदी ने भी किया सलाम

दुश्मनों के सीने में गोली उतारने वाले जांबाज फौजी का दिल भी अपने गांव के ग्रामीणों का दर्द देख पसीज गया।उससे रहा नहीं गया और शौचालय निर्माण को 57000 रुपये दान कर दिए। जी हां, सिरमौर जिले (हिमाचल प्रदेश) की बढाना पंचायत के आईटीबीपी जवान विकास ठाकुर का यह सामाजिक सरोकार प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में चर्चा में है।

img_

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में इस जांबाज के जज्बे को सलाम किया है। ‘अमर उजाला’ से बातचीत में विकास ने कहा कि वह छुट्टी में घर आए थे। गांव में ग्रामसभा थी तो वह भी चले गए। पता चला कि पंचायत को खुला शौचमुक्त बनाने को टॉयलेट बनाने पर जोर दिया जा रहा है। प्रशासन मामले में सख्त भी था। उन पर दबाव भी बनाया जा रहा था, लेकिन कुछ परिवार शौचालय बना नहीं सकते थे। 
देखा नहीं गया गांव वालों का दर्द
उनका दर्द उनसे देखा नहीं गया और यह राशि दान दे दी। कहा कि वह वालंटियर रिटायरमेंट लेकर जनसेवा करना चाहते हैं। विकास की इस दरियादिली पर पूरे हिमाचल को गर्व है। पंचायत के लोग ‘मन की बात’ में विकास और सिरमौर जिले का जिक्र होने से
गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। विकास पिछले 22 वर्षों से आईटीबीपी में सेवाएं दे रहे हैं। वर्तमान में देहरादून में तैनात हैं। सिरमौर जिले में अभियान को गति देने के लिए दर्जनों लोगों ने दान दिया है। 
डीसी बोले, जिले के लिए गर्व की बात
आईटीबीपी जवान विकास ठाकुर के अलावा राजेश जैन ने 15000, श्याम सिंह पुंडीर ने 60 टॉयलेट शीट, विजय जैन और महावीर जैन ने 200 शीट, अंजली ने 30 हजार, ओपी टिरिया ने 20 शीट, राजेंद्र तिवारी ने 4800 रुपये दिए। ऐसे और भी कई लोग है, जिन्होंने अभियान में अपनी आहुति डाली है, लेकिन अपना नाम सार्वजनिक नहीं करना चाहते। 
उपायुक्त सिरमौर बीसी बडालिया कहते हैं कि यह सिरमौर जिले के लिए गर्व की बात है। स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में हर वर्ग की अहम भूमिका रही। युवक मंडल, महिला मंडल, पंचायतें, अधिकारी और कर्मचारियों ने इसमें सहयोग दिया। अब कम्यूनिटी टॉयलेट बनाने पर जोर दिया जाएगा। 
Back to top button