आर्मी जवान ने पत्नी औऱ साली को गोली मारने के बाद कर ली आत्‍महत्‍या…

राजधानी में रविवार को सुबह ट्रिपट मर्डर से सनसनी फैल गई है। पटना के रानीतालाब थाना क्षेत्र के सैदाबाद इलाके में सेना के जवान ने कार के अंदर पत्नी और साली की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने खुद को भी गोली से उड़ा लिया।

बच्चे और कार चालक सुरक्षित

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो तीनों गाड़ी में लहूलुहान पड़े थे। जबकि, गाड़ी में दो बच्चे और कार चालक सुरक्षित थे। घटना के बाद स्थानीय लोग तीनों को स्‍थानीय स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान भोजपुर जिले के गढ़हनी थाना क्षेत्र के लालगंज गांव के रहने वाले सेना के जवान विष्णु शर्मा (35), उनकी पत्नी दामिनी (32) और साली खुशबू (22) के रूप में हुई है। विष्णु गुजरात में तैनात था। जबकि खुशबू की दस दिन पहले ही शादी हुई थी। जानकारी पर दलबल के साथ पुलिस जांच के लिए पहुंच गई है।

बाएं से सेना का जवान, पीछे पत्नी, दाएं (साली) आगे उसका पति। (फाइल फोटो)

———————————————————————————–

डेंगू की जांच कराने पटना आ रहे थे सभी

गुजरात मे पदस्थापित भोजपुर के गड़हनी थाना के लालगंज तरारी के रहने वाले सेना के जवान विष्णु शर्मा डेंगू से पीड़ित थे। बीमारी की जांच कराने वे रविवार को अपनी ससुराल से पत्नी, साली और दो बच्चों को लेकर बलेनों कार से पटना एम्स आ रहे थे। गाड़ी ड्राइवर चला रहा था।

विवाद के बाद चलानी शुरू कर दी गोली

ड्राइवर मिथिलेश ठाकुर ने बताया पटना लौटते समय आर्मी जवान का पत्नी और साली से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। तीनों आपस में बहस करने लगे। विवाद के बाद पटना के रानीतालाब थाना क्षेत्र के सैदाबाद इलाके पहुंचते ही अचानक चलती हुई कार में विष्णु ने लाइसेंसी सिक्सर से अंधाधुंध गोली चलानी शुरू कर दी।

पत्नी-साली को मार खुद को भी उड़ाया

जवान ने पहली गोली साली को और दूसरी पत्नी को मारी। इसके बाद स्वयं को भी से उड़ा लिया। वारदात के बाद ड्राइवर ने कार रोक दी और शोर करना शुरू कर दिया। आवाजें सुनकर आसपास में काम कर रहीं महिलाएं और अन्य लोग कार के पास पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सनकी मिजाज का था जवान

घायलों को तुरंत इलाज के लिए बिक्रम पीएचसी लाया गया। जहां तीनों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रानीतालाब तालाब थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीएसपी मनोज पांडेय ने बताया कि ड्राइवर से पूछताछ चल रही है। मृतक के दोनों बच्चे सुरक्षित हैं। परिवार वालों के अनुसार जवान सनकी मिजाज का था।

Back to top button