आगरा में 15 साल की किशोरी से दरिंदगी का मामला आया सामने, रेप के बाद उसका गला घोंटा

यूपी में आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में गुरुवार को 15 साल की किशोरी से दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुराचार के बाद उसका गला घोंटा गया। कांटों भरी झाड़ियों में घसीटा गया। सिर को पत्थर से कूंचने का प्रयास किया गया। आरोपी उसे मरा समझकर जंगल में छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने एक युवक पकड़ा है। उसने हत्या के प्रयास की बात कबूल की है।

किशोरी 10वीं की छात्रा है। गुरुवार दोपहर होली वाले दिन वह घर से कुछ दूर मौसी के यहां जाने की बात कहकर निकली थी। शाम छह बजे तक नहीं लौटी तो घरवालों ने मौसी के घर संपर्क किया तो पता चला वो वहां पहुंची ही नहीं। घबराए परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। सुबह डॺूटी से लौट रहे गांव के जयप्रकाश को जंगल के पास किशोरी लहूलुहान हालत में पड़ी मिली।

किशोरी का दोस्त गिरफ्तार जान से मारना चाहता था
पुलिस ने किशोरी के साथ दरिंदगी और हत्या के प्रयास के आरोप में डावली (किरावली) निवासी गणेश को गिरफ्तार किया है। 24 वर्षीय गणेश ने पूछताछ में यह स्वीकार किया है कि उसने किशोरी की हत्या का प्रयास किया। वह दुराचार की बात कबूल नहीं कर रहा है। हत्या की आरोपित जो वजह बता रहा है वह पुलिस के गले नहीं उतर रही है

डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि गणेश अपने दोस्त संतोष के साथ बाइक पर आगरा आया था। गणेश की मोबाइल पर किशोरी से बातचीत हुई थी। पुलिस के पास इसके प्रमाण है। आरोपित ने बताया कि वह किशोरी को रुनकता लेकर गया। वहां एक रेस्टोरेंट में चाय नाश्ता किया। उसके बाद किशोरी को गांव के बाहर छोड़ा। उससे जाने को कहा। वह घर जाने को तैयार नहीं थी। उसके साथ जाना चाहती थी। यह देख वह घबरा गया। गुस्से में मारपीट कर दी। किशोरी का सिर पेड़ से टकरा गया। वह गिर पड़ी। उसे लगा कि वह फंस जाएगा। उसने पहले गला दबाया। उसके बाद ईंट से किशोरी के सिर पर प्रहार किया। उसे मरा समझकर छोड़कर गया था। उसे अंदाजा नहीं था कि वह बच जाएगी।

एक कॉलेज में पढ़ते हैं
आरोपित गणेश व किशोरी क्षेत्र के एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं। आरोपित इंटरमीडिएट का छात्र है। आरोपित को किशोरी के परिजनों ने ही पकड़कर पुलिस को सौंपा। किशोरी अभी अचेत अवस्था में हैं। होश में आने पर उसके बयान होंगे। उसके बयान के आधार पर ही आगे के कार्रवाई होगी।

किशोरी को घसीटा था
किशोरी के मिलने के बाद पुलिस ने जंगल में छानबीन शुरू की। कांटों भरे जंगल में काफी दूर तक किशोरी को घसीटने के निशान मिले। एक जगह किशोरी की चप्पल और दुपट्टा पड़ा था। एक जगह एक कपड़ा खून से लथपथ मिला। पुलिस ने उन्हें कब्जे में लिया। एक जगह झाड़ियों में खून भी पड़ा मिला। एसीपी हरीपर्वत, मयंक तिवारी ने कहा कि परिजनों ने जो तहरीर दी थी उसके आधार पर पुलिस ने सिर में गंभीर चोट पहुंचाकर मरणासन्न करने और दुराचार की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया। एक युवक को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ जारी है।

Back to top button