अरविंद केजरीवाल की हिसार रैली पर बढ़ी रार, आप का सीआइडी पर निशाना

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल की हिसार रैली को लेकर जारी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। रैली में दिहाड़ी पर मजदूरों को बुलाने का वीडियो वायरल होने के बाद आम आदमी पार्टी ने इसका ठीकरा प्रदेश सरकार और सीआइडी पर फोड़ा है। रैली पर छिड़े विवाद के बीच आप के नेता पूरे मामले में सफाई देने में लगे हैं।

अरविंद केजरीवाल की हिसार रैली पर बढ़ी रार, आप का सीआइडी पर निशानाआप प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने आरोप लगाया है कि सत्तारूढ़ पार्टी ने षड्यंत्र के तहत यह वीडियो बनवाया। इससे आम आदमी पार्टी विचलित नहीं होने वाली। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 31 मार्च को बहादुरगढ़ से सिवानी मंडी तक रोड शो करेंगे। इस दौरान तीन जिले कवर किए जाएंगे।

उन्‍होंने बताया कि इसके बाद पहली अप्रैल को हनुमान जयंती पर सभी जिलों में सवा मन लड्डू बांटे जाएंगे। केजरीवाल की हरियाणा में सक्रियता पर गौर करें तो उन्होंने जहां दुर्गाष्टमी वाले दिन हिसार में रैली की, वहीं हनुमान जयंती से ठीक एक दिन पहले हरियाणा में रोड शो करने जा रहे हैं।

उधर, आम आदमी पार्टी की हिसार रैली में दिहाड़ी पर मजदूर लाए जाने का दावा करते हुए भाजपा ने मोर्चा खोल रखा है। राज्‍य के उद्योग मंत्री एवं वाणिज्‍य विपुल गाेयल ने भी रैली के अगले दिन आप की हिसार रैली को फ्लाप बताया था। गोयल ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल का सच सामने आ चुका। दिल्ली द्वारा ठुकराए जाने के बाद अब वह हरियाणा में ठिकाना तलाश रहे हैं।

गोयल ने कहा कि यह हरियाणा बचाओ नहीं बल्कि केजरी बचाओ रैली थी। रैली में तीन-चार हजार लोग ही पहुंचे और वह भी दिहाड़ी पर। वीडियो ने केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की पोल खोलकर रख दी है। वीडियो में बहादुरगढ़ के सैकड़ों मजदूर बता रहे हैं कि उन्हें 350 रुपये की दिहाड़ी पर रैली में लाया गया। बाद में उनकी दिहाड़ी नहीं दी गई।

केजरीवाल पर सवाल दागते हुए विपुल गोयल ने पूछा कि क्या यही आम आदमी पार्टी के सिद्धांत हैं। हरियाणा में आप का कोई वजूद नहीं है। झूठ और लूट की राजनीति अब जनता स्वीकार नहीं करेगी। केजरीवाल अपना ध्यान दिल्ली पर दें और वहां के लोगों से किए वादों को पूरा करें। हरियाणा में उन्हें कुछ नहीं मिलने वाला।

Back to top button