अमेरिका और चीन में इस तल्खी के बीच जापान में समुद्री तट पर धातु से बनी एक विशाल रहस्यमयी गेंद मिली

अमेरिकी एयर स्पेस पर चीन ने कथित तौर पर तीन स्पाई बैलून भेजे थे। चीन ने हालांकि यह तो स्वीकार लिया कि वे बैलून उसके हैं लेकिन, उन्हें स्पाई नहीं माना। अमेरिका और चीन में इस तल्खी के बीच जापान में समुद्री तट पर धातु से बनी एक विशाल रहस्यमयी गेंद मिली है। बैलून की आकृति जैसी इस गेंद ने जापान सरकार को अचरज में डाल दिया है। इस रहस्यमय धातु के संबंध में जांच शुरू हो गई है। साथ ही स्थानीय लोगों से लेकर राजनेताओं में यह बहस भी शुरू हो गई है कि यह है क्या? UFO, बम, स्पाई बैलून या कुछ और। 

जानकारी के अनुसार, जापान के हमामात्सू में इस रहस्यमयी गोले को पहली बार एक स्थानीय महिला ने देखा, यह एंशु समुद्र तट पर देखा गया। सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू हो गई है। 

द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, अनुमान है कि वस्तु- 1.5 मीटर व्यास के साथ अपने मार्ग से भटकी वस्तु हो सकती है, क्योंकि यह एक्स-रे परीक्षण में खोखली पाई गई है। विशेषज्ञों ने यह भी दावा किया है कि इसका इस्तेमाल पड़ोसी उत्तर कोरिया और चीन द्वारा जासूसी के लिए नहीं किया गया है। इसके बजाय, अधिकारियों का मानना ​​​​है कि यह रहस्यमयी वस्तु एक mooring buoy हो सकता है। इस गोले की सतह पर दो उठे हुए हैंडल की उपस्थिति के कारण इस बात का संदेह ज्यादा है।

वहीं, मिरर की रिपोर्ट के अनुसार, जापानी सशस्त्र बलों और तट रक्षकों को उनकी जांच के लिए तस्वीरें भेजी गई हैं। रिपोर्टों के अनुसार, यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि वस्तु वास्तव में क्या है, जबकि कई लोग अनुमान लगा रहे हैं कि यह एक और संदिग्ध वस्तु है, जैसा कि हाल ही में संयुक्त राज्य अमेरिका में देखी गई थी। लोगों का मानना है कि यह स्पाई बैलून हो सकता है।

इस बीच, समुद्र तट पर रोजाना घूमने वाले एक शख्स ने दावा किया कि यह रहस्यमयी गेंद एक महीने से वहां थी और किसी को समझ नहीं आ रहा है कि यह अचानक एक गर्म मुद्दा क्यों बन गया? उन्होंने जापान के सार्वजनिक प्रसारक एनएचके से कहा, “यह गेंद तो वहां एक महीने से है।”

Back to top button