अगले दो से तीन दिनों के भीतर देश के कुछ हिस्सों में हो सकती है बारिश…

देशभर में मौसम का मिजाज अब बदलने वाला है। मौसम विभाग ने देश के कुछ हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों को लेकर अपडेट दिया है। हालांकि, उससे पहले आपको बताएंगे कि बीते 24 घंटे में तापमान की क्या स्थिति रही।

24 घंटे में कितना रहा तापमान?

विभाग ने जानकारी दी कि बीते 24 घंटों में गुजरात, महाराष्ट्र, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से 38 डिग्री रहा। इसके अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सो में तापमान 31 डिग्री से 35 डिग्री रहा। वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, यूपी और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री से 31 डिग्री रहा।

इन इलाकों में ज्यादा रहा अधिकतम तापमान

विभाग ने ये भी बताया कि बीते 24 घंटे में उत्तर पश्चिम, उत्तर और पूर्वोत्तर में अधिकतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री अधिक रहा। साथ ही पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्से में ओलावृष्टि हुई। कर्नाटक के तटीय हिस्से में हीट वेव की स्थिति रही।

देश के इन हिस्सों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, मध्य भारत में 7-8 मार्च गरज के साथ हल्की मध्यम वर्षा की संभावना है। महाराष्ट्र में 7-9 मार्च और राजस्थान और गुजरात में भी आज बारिश की संभावना है।

ओलावृष्टि का पूर्वानुमान

विभाग की ओर से आज यानी सात मार्च को पूर्वी राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में छिटपुट स्थानों पर 30 से 40 किमी की तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि का पूर्वानुमान जताया गया है। साथ ही आज पश्चिम राजस्थान, मराठवाड़ा और विदर्भ में ओलावृष्टि हो सकती है।

झारखंड और ओडिशा में भी बारिश!

विभाग के मुताबिक, 8 और 9 मार्च को झारखंड में 30-40 किमी की तेज हवाओं के साथ गरज के साथ छिटपुट हल्की/मध्यम वर्षा होने की संभावना है। 7 से 10 मार्च के दौरान ओडिशा में और 9 और 10 मार्च को पश्चिम बंगाल में हल्की वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी असम और नगालैंड में गरज के साथ हल्की/मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

Back to top button